एटा। जिले में अक्तूबर माह में संचारी रोग अभियान के साथ दस्तक अभियान भी चलाया गया था। इस अभियान में लापरवाही बरतने वाले लोगों को मुख्य चिकित्साधिकारी ने नोटिस थमाया है। 15 आशाओं का वेतन रोकने की भी कार्रवाई की है।
अक्तूबर माह में चले संचारी रोग अभियान में लापरवाही बरतने पर एडीओ पंचायत निधौली कलां को सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने नोटिस थमाया है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में साफ-सफाई नहीं थी। कई जगह गंदगी का अंबार था। इसमें लापरवाही बरतने पर उन्हें नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं दस्तक अभियान के तहत मारहरा ब्लॉक में 15 आशाओं का वेतन रोका गया है।
आशाओं द्वारा भ्रमण कार्य नहीं किया गया। इसकी वजह से लोगों को अभियान के तहत जागरूकता नहीं हुई। इसके साथ ही सीएचसी जैथरा, सकीट और निधौली कलां के एमओआईसी को भी चेतावनी जारी की है। इन ब्लॉकों में आशाओं द्वारा भ्रमण नहीं किया गया। गौरतलब है कि अधिकांश आशाएं अपनी मांगों को लेकर 31 अक्तूबर तक कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर बैठी हुई हैं। यही वजह है कि दस्तक अभियान जिले में ज्यादा प्रभावी नहीं हो सका।