मोहल्ला चोबदारपूर्वी में कच्चा मार्ग। संवाद
मारहरा। कस्बे के मोहल्ला चोबदार पूर्वी की मुख्य सड़क का निर्माण 37 साल बीतने पर भी नहीं हो सका है। 60 मीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए लोग कई बार प्रयास कर चुके हैं। सड़क और दोनों किनारों की नालियां कच्ची होने पर पूरे मोहल्ले में गंदगी फैली हुई है।
नगर पालिका के वार्ड संख्या दस के मोहल्ला चोबदार में बड़ी-बड़ी घास, सड़कों पर फैली गंदगी पुरानी पहचान है। नालियां कच्ची होने पर गंदा पानी सड़क पर बहने से कीचड़ जमा रहती है। पालिका प्रशासन ने इस 60 मीटर सड़क का निर्माण आज तक नहीं कराया है। सभासद मनीषा कुमारी ने बताया कि सभासद बनने के बाद से वह लगातार सड़क के निर्माण के लिए प्रयासरत हैं। कई बार पालिकाध्यक्ष से संपर्क कर सड़क के निर्माण को कह चुकी हैं।
वर्ष 1988 में निकाय चुनाव होने के बाद से सड़क के निर्माण के लिए लोग प्रयासरत हैं। इसके बाद से सातवीं बार पालिका बोर्ड का गठन हो चुका है लेकिन 60 मीटर सड़क का टुकड़ा 37 साल बीतने पर भी कच्चा है। -राजेश सिंह
गली में गंदगी और कीचड़ होने की वजह से नरक भरी जिंदगी जी रहे हैं और जिम्मेदार मौन बने हुए हैं। कोई सुनने तक को राजी नहीं है। हम अपनी समस्या को लेकर जाते हैं लेकिन जिम्मेदार हमेशा टालमटोल कर देते हैं। -टैंटी
वार्ड नंबर 10 मोहल्ला चोबदार की 60 मीटर कच्ची सड़क के निर्माण का प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल किया गया है। शासन से बजट मिलते ही शीघ्र निर्माण कराया जाएगा। सफाई कर्मचारियों की टीम भेजकर सफाई कराई जाएगी। -शशि प्रभा, पालिकाध्यक्ष