एटा। अलीगढ़ और कासगंज के लिए परिवहन निगम ने नॉन स्टॉप बस सेवा शुरू की है। सीट के सापेक्ष यात्रियों की टिकट बस स्टैंड पर ही बनाई जा रही हैं। बसों को बिना परिचालक रवाना किया जा रहा है।
बस स्टैंड प्रभारी अजय पाल यादव ने बताया कि उच्चधिकारियों के निर्देश पर नई व्यवस्था शुरू की गई है। रोडवेज बस स्टैंड से सीटों के सापेक्ष यात्रियों को बैठाकर उनके टिकट बनाए जा रहे हैं। डिपो की दो बसों को प्रतिदिन अलीगढ़ भेजा जा रहा है। रोडवेज बस स्टैंड पर एक परिचालक की ड्यूटी टिकट बनाने के लिए लगाई गई है। उन्होंने कहा कि कासगंज डिपो की दो बसें प्रतिदिन यहां आ रही हैं।
कासगंज से चलने के बाद बस एटा बस स्टैंड पर आकर रुकती हैं। इसके बाद यहां से यात्रियों को लेकर रवाना की जाती हैं। इसके अलावा एक बस बुलंदशहर की भी ऐसे ही आ रही है। यहां यात्रियों के बस में बैठने के बाद उनकी टिकट बनाई जाती है। वहीं वे बिल आदि चालक को दे दिए जाते हैं। जिससे चेकिंग के दौरान चालक विवरण प्रस्तुत कर सके। इन बसों को रास्ते में रोकने के निर्देश नहीं हैं। गंतव्य पर पहुंचकर ही बसें रोकी जाएंगी। रास्ते में किसी यात्री को नहीं बैठाया जाएगा।