एटा। बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा निखरकर सामने आ सके इसके लिए इंस्पायर अवार्ड योजना संचालित है। इस वर्ष योजना में आवेदन की रफ्तार कम है। इसको लेकर ब्लॉक बार नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। नोडल अधिकारियों को योजना में छात्रों के आवेदन कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
इंस्पायर अवार्ड योजना केंद्र सरकार की है। इसमें विद्यार्थी का मॉडल चयनित होने पर जिला स्तर पर 10 हजार रुपये दिए जाते हैं। बाद में विद्यार्थी को मंडल व राज्य स्तर के बाद राष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाता है। यहां भी अगर उसका मॉडल चयनित होता है ताे विद्यार्थी को विदेश जाने का मौका मिलता है। इन दिनों योजना में आवेदन की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन यह बहुत धीमी है। जबकि डीआईओएस स्तर से इसके लिए प्रधानाचार्यों को पत्राचार भी हो चुका है।
आवेदन नहीं बढ़ने पर अब डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत ने ब्लॉक बार नोडल अधिकारियों को तैनात किया है। आवेदन कराने की जिम्मेदारी इनको दी गई है। नियम के मुताबिक एक विद्यालय से 5 आवेदन लिए जा सकते हैं। इसमें कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। अब तक योजना में 15 आवेदन आए हैं।
-
ये बनाए गए नोडल अधिकारी
शीतलपुर ब्लॉक की नोडल अधिकारी नीतू राघव, सकीट के चंपाराम, मारहरा क्षेत्रपाल सिंह, निधौलीकलां विनोद कुमार, अवागढ़ संजीव कुमार, जलेसर अनीता, जैथरा अश्वनी कुमार, अलीगंज के मोहम्मद शाहिद को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जबकि जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी डीआईओएस हैं। सह नोडल अधिकारी सुभाष सिंह को बनाया गया है। योजना के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी राहुल मिश्रा को दी गई है।