एसएनसीयू वार्ड के बाहर एक बेड पर बच्चों के साथ तीन तीमारदार और कोने में टूटा हुआ बेड।
- फोटो : एसएनसीयू वार्ड के बाहर एक बेड पर बच्चों के साथ तीन तीमारदार और कोने में टूटा हुआ बेड।
एटा। जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज की देखरेख में संचालित हो रहे सिक न्यूबोर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) की स्थिति बेहद खराब है। यहां बच्चोें के साथ आने वाले तीमारदारों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही शौचालय है। यहां रुकने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एसएनसीयू में बीमार नवजात शिशुओं का उपचार किया जाता है। बच्चे के साथ आने वाले अभिभावक को यहां रुकने पर काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यहां 10 बेड पड़े हुए हैं, जिनमें से 4 टूटे हुए हैं। किसी भी बेड पर साफ गद्दा या चादर तक नहीं बिछाई जाती।
इसके अलावा यहां पंखे भी खराब पड़े हुए हैं। इतना ही नहीं गर्मी के मौसम में सबसे अधिक आवश्यकता पीने के पानी की होती है, लेकिन यहां पेयजल के लिए किसी प्रकार की कोई नहीं है। बच्चों का उपचार होने के कारण अधिकांश महिलाएं यहां रुकती हैं, लेकिन शौचालयों में ताले पड़े हुए हैं। जिसके चलते यह लोग 3 मंजिल नीचे उतरकर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में शौच क्रिया के लिए जाती हैं।
न तो यहां साफ-सफाई है और न ही शौचालय की व्यवस्था है। इसके कारण रात के समय रुकने पर काफी दिक्कत होती है। जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। -कुसुम देवी, पुरा
हर ओर से बदबू आती है। गर्मी का मौसम है और एक मात्र पंखा चल रहा है, जिससे लोग परेशान हैं। कर्मचारी सभी को खाना भी देकर नहीं जाता। -शिवम कुमार, आनंदपुरी
वर्जन-
इस प्रकार की समस्या संज्ञान में नहीं है, दिखवाकर जल्द ही परेशानी का निस्तारण कराया जाएगा। जिससे कि वहां आने वाले तीमारदारों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। -डॉ. एस चंद्रा, सीएमएस