एटा। मेडिकल कॉलेज में एक अप्रैल से डॉक्टरी परीक्षण का कार्य नहीं हो रहा है। इसकी वजह से लोगों को चक्कर काटने पड़ रहे हैं। 25 दिन बीतने के बाद भी कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है। अब पड़ोसी जिलों से रेडियोलॉजिस्ट मांगे गए हैं। इस सप्ताह में परीक्षण होने की उम्मीद जताई जा रही है।
झगड़ों के मामलों में घायल तमाम लोग हर दिन मेडिकल कॉलेज पहुंचते हैं। इनके एक्स-रे संबंधी डॉक्टरी परीक्षण रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में नहीं हो पा रहे हैं। 31 मार्च को रेडियोलॉजिस्ट डॉ. वीपी सिंह सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद कोई रेडियोलॉजिस्ट नहीं आ सका। इसकी वजह से हर दिन 15-20 मामलों के एक्सरे और रिपोर्ट तैयार नहीं हो पा रही है। जब कोई नियमित रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था नहीं हो सकी, तो स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों और जिला प्रशासन ने अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे रिपोर्ट तैयार करने के लिए पड़ोसी जिलों से रेडियोलॉजिस्ट की मांग की है।