पथवारी मंदिर में पूजा करते श्रद्घलु ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन रविवार को भक्तों ने मां के द्वितीय स्वरूप ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। ठंडी सड़क स्थित माता पथवारी मंदिर पर सबसे अधिक भीड़ उमड़ी। जनता दुर्गा मंदिर, काली मंदिर, चामुंडा मंदिर, मालगोदाम रोड स्थित मंदिर, प्रभु पार्क स्थित चामुंडा देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर समेत अन्य मंदिरों पर भी भक्तजन पूजा अर्चना के लिए पहुंचे। इस दौरान लोगों ने माता से मनौती मांगी। वहीं देवी मंदिरों में सुबह से उमड़ी भीड़ ने कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं किया। लोग सुबह-सुबह पूजन सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे। यहां एक-दो को छोड़कर किसी के चेहरे पर मास्क नहीं लगा था।
महंगे हो गए फल और फूल
नवरात्र में फल और फूलों के दाम बढ़ गए हैं। सेव जहां अस्सी और सौ रुपये किलो बिक रहे हैं वहीं केला पचास रुपये किलो बिक रहा है। खीरा तीस रुपये किलो, अमरूद चालीस रुपये किलो ओर नारियल चालीस रुपये का एक पीस मिल रहा है। वहीं माला पर भी रेट बढ़ गए हैं। गेंदा की माला दस और बीस रुपये की जबकि गुलाब की पचास रुपये तक की बिक रही है।