शहर के जीटी रोड स्थित गोविंद वल्लभ पंत स्टेडियम में चल रहे नवोत्कर्ष क्रिकेट कप टूर्नामेंट में सोमवार को सिटी हॉक्स क्रिकेट क्लब और हैरी नवोत्कर्ष एकेडमी के बीच दूसरा लीग मुकाबला हुआ। इसमें सिटी हॉक्स ने नवोत्कर्ष की टीम को हरा दिया।
नवोत्कर्ष क्रिकेट कप के दूसरे लीग में हैरी नवात्कर्ष टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नवोत्कर्ष टीम 24 ओवर में 71 रन बना कर ऑलआउट हो गई। खिलाड़ी लकी राजपूत ने 20 गेंद में 23 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी सिटी हॉक्स टीम ने 12 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर मेजबान टीम को का तगड़ा झटका दिया। सिटी हॉक्स के खिलाड़ी तनुज गोस्वामी को 4 ओवर में 3 रन देकर चार विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष आदर्श मिश्र, बाल किशन शर्मा और हर्ष पाठक ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मैच में अंपायर की भूमिका शारिक उस्मानी और सोनू शर्मा ने निभाई। क्रीडा अधिकारी दीपक दीक्षित, गौरव शर्मा, हिमांशू शर्मा, कुमारी नीरज, मयंक उपाध्याय मौजूद रहे। बाल कृष्ण शर्मा ने बताया कि 11 नवंबर तक लगातार मैच खेले जाएंगे और देशभर की टीमें भाग लेंगीं। उन्होंने सभी क्रिकेट प्रेमियों से टूर्नामेंट में भाग लेने का आह्वान किया है।