एटा। मलावन क्षेत्र के गांव नगला भूपाल में शनिवार दोपहर घर के बाहर खेलते समय लापता हुई 3 साल की राधिका का शव सोमवार की शाम घर से 50 मीटर दूर शहतूत के पेड़ के नीचे मिला। प्रसव के दौरान मां की मौत के बाद से बच्ची ननिहाल में रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार सुबह पेड़ के नीचे शव नहीं था बाद में इसे यहां फेंका गया है। हत्या का शक किसी अपने पर ही मंडरा रहा है। उसके गले और शरीर पर चोट के निशान हैं।
गांव निवासी महेश चंद की पुत्री सोनी की शादी गांव अगसौली थाना सिकंदराराऊ जनपद हाथरस के संजय के साथ हुई थी। तीन साल पहले सोनी ने बेटी को जन्म दिया था। प्रसव के दौरान तबीयत बिगड़ने पर सोनी की मौत हो गई। बेटा संजय के पास रहता है। जबकि बेटी राधिका ननिहाल में रहने लगी। संजय की शादी सोनी की चचेरी बहन रोली से करा दी गई। उससे कोई संतान नहीं है। तीन साल की राधिका शनिवार की दोपहर करीब 11 बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते बच्ची अचानक लापता हो गई।
परिजन और गांव के अन्य लोग भी बच्ची की तलाश में जुट गए। आसपास के घर, खेत जंगलों में बच्ची की तलाश की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। नाना महेश चंद की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस टीमों ने छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज देखे लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। सोमवार की शाम करीब साढ़े चार बजे कुलप सिंह के घर के पीछे शहतूत के पेड़ के नीचे कुत्ते मंडराते दिखाई दिए।
ग्रामीणों ने देखा तो वहां बच्ची का शव था। दो दिन पुराना होने के कारण शव सड़ चुका था। कुलप सिंह का घर बच्ची की ननिहाल के ठीक सामने है। शव मिलते ही मलावन, सकीट और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए।