दिव्या पचौरी और उसके बेटे (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
शहर के मोहल्ला श्रृंगार नगर स्थित एक मकान से मिले पांच शवों की गुत्थी उलझती जा रही है। शहर से लेकर प्रदेश भर के लोगों की नजरें जांच रिपोर्ट और कॉल डिटेल पर आकर टिक गई है। कोतवाली नगर के मोहल्ला श्रृंगार नगर निवासी दिवाकर पचौरी के परिवार के पांच सदस्यों की रहस्यमय ढंग से मौत शनिवार की रात में हो गई थी।
दिवाकर पचौरी के पिता राजेश्वर प्रसाद पचौरी स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके थे। पुत्रवधू दिव्या पचौरी व पौत्र आरूष व आरव के साथ रह रहे थे। यहां पर दिवाकर पचौरी के साली बुलबुल भी रह रही थी। इन पांचों लोगों की मौत अनसुलझी पहेली बनकर रह गई है।
हालांकि पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर वारदात का खुलासा किया था। इसमें दिव्या पचौरी के हाथों चारों की हत्या और फिर खुद आत्महत्या करने का दावा किया जा चुका है।
दिवाकर पचौरी ने आपत्ति जाहिर कर सवाल खड़े कर दिए और उच्चस्तरीय जांच एजेंसी से पड़ताल कराने की मांग की थी। इस पर पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया और डीआईजी अलीगढ़ डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने सोमवार को वारदात स्थल का मुआयना किया और मंगलवार को मंडल स्तरीय फॉरेंसिक टीम ने श्रृंगार नगर आकर जांच के लिए फिर से नमूने लिए।
बुधवार को एसएसपी सुनील कुमार सिंह की ओर से गठित की गई पांचों टीमें जांच में जुटी रहीं। अब सब की नजरें फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और कॉल डिटेल पर आकर टिक गई हैं। परिजनों के साथ-साथ हर किसी को वारदात के खुलासे का इंतजार है।