एटा। शृंगार नगर में पांच लोगों की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद मंगलवार को आगरा से फॉरेंसिक टीम यहां पहुंची। टीम ने मौका-ए-वारदात पर जाकर घटना के संबंध में सुबूत जुटाए। टीम ने आने-जाने वाले संभावित सभी रास्तों पर फिंगर प्रिंट भी लिए। साथ ही अन्य जरूरी जांच भी की।
टीम अपनी रिपोर्ट एडीजी आगरा को सौंपेगी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सिटी के साथ पहुंची फॉरेंसिक टीम के एक्सपर्ट ने जैसे-जैसे शव पड़े हुए थे, उस स्थान का बारीकी से परीक्षण किया। इसके बाद हर पहलू की जानकारी ली। शनिवार की सुबह शृृंगार नगर स्थित राजेश्वर प्रसाद पचौरी के मकान में उनके सहित पुत्रवधू दिव्या पचौरी, पौत्र आरव, आरुष और बहू की बहन बुलबुल (निवासी मथुरा) के शव मिले थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बताया कि दिव्या ने पहले सभी को खाने में विषाक्त पदार्थ दिया और इसके बाद स्वयं आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस की इस थ्योरी से नाइत्तफाकी रखते हुए परिजनों ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि फॉरेंसिंक टीम जांच के लिए आई थी। टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट एडीजी आगरा को सौंपेगी।