थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव पुराहार में सोमवार की देर शाम विवाह समारोह में जाने की मना करने के बाद भी शामिल होने जाने जा रहे एलकार सिंह की रिश्ते के भतीजे ने ही गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई की ओर से आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
गांव पुराहार निवासी एलकार सिंह (40) पुत्र रेवारी लाल सोमवार की देर शाम गांव के ही बृजलाल के यहां शादी समारोह में जा रहे थे तभी गोली मारकर रिश्ते के भतीजे अब्बू पुत्र कड़ेर सिंह ने हत्या कर दी। मृतक के भाई बृजेश कुमार का आरोप है कि बृजलाल की बेटी बीना की गांव में बरात आई थी, इसका निमंत्रण बड़े भाई उदयवीर, एलकार और मेरे लिए था। मैं भाई एलकार के साथ दावत खाने जा रहा था तभी अब्बू सिंह ने गोली मारकर हत्या कर दी।
आरोप है कि बृजलाल और अब्बू सिंह के बीच पांच दिन पूर्व घूरा (गोबर) की जगह को लेकर विवाद हो गया था और फायरिंग भी हुई थी। इसी बात को लेकर बृजलाल ने अब्बू सिंह के परिजनों को दावत में निमंत्रण नहीं दिया था। जबकि अब्बू सिंह हमारे ही परिवार से है, अब्बू सिंह ने निमंत्रण में जाने से मना किया तो हम लोगों ने कहा था कि हमारी तो कोई लड़ाई बृजलाल से नहीं हुई और फिर वह नजदीकी रिश्तेदार भी है।
बताया कि दावत खाने जाने से अब्बू सिंह खफा हो गया था और इसी वजह से उसने एलकार की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा ने बताया है कि परिजनों की ओर से अब तक यही वजह बताई गई है और तहरीर भी दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश में जुटे हुए हैं।