गांव नगला गुमानी में शुक्रवार रात पंचायत चुनाव की बैठक के दौरान अधेड़ रामस्वरूप की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में शनिवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चेतावनी दी कि जल्द ही यदि जल्द नहीं पकड़े तो एटा फिर पूरे प्रदेश को बंद कराया जाएगा। जानकारी पर जिला व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी, सीओ सदर मौके पर पहुंचे एक सप्ताह में आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर दोपहर बाद बाजार खुलवा दिए।
दूसरी ओर रात को दो घंटे बाद जाम खुला, तब जाकर एटा-कासगंज मार्ग पर यातायात सुचारु हुआ। देर रात परिवारीजनों ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। सुबह चार बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर पुलिस की दबिश जारी है।
गांव नगला गुमानी निवासी रामस्वरूप (53) मिरहची के कासगंज रोड पर टेंट की दुकान करते थे। शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे रामस्वरूप अपने घर के दरवाजे पर पंचायत चुनाव को लेकर चल रही बैठक में मौजूद थे, तभी सैनिक औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र के प्रबंधक विशाल यादव ने किसी बात पर अपनी लाइसेंसी राइफल से गोली चला दी, जो रामस्वरूप के पेट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। गोली चलते ही बैठक में भगदड़ मच गई और ग्रामीणों ने आरोपी का पीछा किया जो आईटीआई केंद्र में घुस गया। बताया जाता है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी विशाल को पकड़ने के बाद उसे छोड़ दिया। पुलिस की इस कार्यप्रणाली से गुस्साए ग्रामीणों ने रात को ही एटा-कासगंज मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपी की कार में आग लगा दी थी। मौके पर जब सीओ सदर डीएस गब्र्याल पहुंचे और जाम खुलवाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने जाम नहीं खोला और आरोपी की गिरफ्तारी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए रात 10 बजे कई थानों की पुलिस, पीएसी के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक विसर्जन सिंह यादव, एसडीएम सदर सुनील कुमार यादव मौके पर पहुंच गए। काफी समझाने के बाद ग्रामीणों ने रात 11 बजे जाम खोला। दोपहर को जब मिरहची उनके घर पहुंचा तो लोगों ने वहां जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने स्थिति संभाली।
शहत्यारोपी की गिरफ्तारी न होने और मृतक के परिवारीजनों की सुरक्षा की मांग को लेकर व्यापारियों ने शनिवार को कस्बा का बाजार बंद रख वहीं धरने पर बैठ गए। मौके पर युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अतुल राठी, महामंत्री दिनेश वार्ष्णेय, अशोक गुप्ता, गणेश वार्ष्णेय, डेविड जैन सहित अन्य व्यापारी नेता पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अतुल राठी ने कहा कि यदि व्यापारी के हत्यारोपी की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो जिला बंद किया जाएगा, यदि फिर भी कार्रवाई नहीं होती है तो प्रदेश बंद कर आंदोलन किया जाएगा। सीओ सदर ने एक सप्ताह का समय मांगा। इस पर व्यापारियों ने दोपहर को बाजार खोला।
पिता के पेट में मारी थी गोली
रात एक बजे मृतक रास्वरूप के पुत्र डोरीलाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रात साढ़े आठ बजे पिता रामस्वरूप घर के दरवाजे पर बैठकर ग्राम प्रधान राजेश कुमार और अन्य लोगों से बातें कर रहे थे, तभी विशाल निवासी कादरपुर थाना और जिला कासगंज आया ललकारते हुए राइफल से गोली मार दी, गोली पिता के पेट में लगी जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। आरोपी के संभावित स्थानों पर लगातर दबिश दी जा रही हैं। जल्द ही वह पकड़ा जाएगा। तहरीर मिलने के बाद हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
-डीएस गब्र्याल, सीओ सदर