एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र में कुरावली-अलीगंज मार्ग पर बमरौली तिराहे के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने शुक्रवार को मां-बेटे को तमंचा दिखाकर लूट लिया। बदमाश सोने का पेंडल, मोतियों की माला, कानों के टॉप्स, दो एंड्रॉयड मोबाइल, 1500 रुपये और बाइक की चाबी लेकर भाग हो गए।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना जैथरा क्षेत्र के गांव विजलई निवासी महिला 30 अक्तूबर को अपने बेटे सूर्यांश के साथ मोटरसाइकिल से कुरावली दवा लेने गई थी।
दवा लेकर दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार तीन युवक उनका पीछा करते हुए बमरौली तिराहे के पास पहुंच गए।
दोपहर करीब तीन बजे बदमाशों ने मां-बेटे की बाइक रुकवा ली और तमंचा दिखाकर उन्हें परेशान कर दिया। महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने हथियार दिखाकर उनके आभूषण, मोबाइल और नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। संवाद