सकरौली थाना क्षेत्र के गांव नीमखेड़ा में खेत में आग को बुझाने का प्रयास करते किसान। स्रोत किसान
- फोटो : 1
जलेसर। सकरौली थाना क्षेत्र के गांव नीमखेड़ा में बुधवार को हाईटेंशन लाइन में हुई चिंगारी से 50 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड से गांव के छह किसानों को साढ़े चार लाख रुपये से अधिक का नुकसान है। मौके पर पहुंचे एसडीएम पीयूष रावत ने आग से पीड़ित किसानों को शासन से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
नीमखेड़ा गांव में बुधवार की दोपहर अचानक हाईटेंशन लाइन के तारों में चिंगारी होने से नीचे खेतों में रखी सूखी गेहूं की फसल में आग फैल गई। कुछ खेतों में गेहूं की फसल कटी रखी तो कुछ खेतों में सूखी खड़ी थी।
कटे रखे गेहूं की फसल के बोझ में आग लगने पर तेज हवा के साथ एक के बाद एक बोझ में फैलती गई। गेहूं के बोझों से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार को देख गांव में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंचे किसानों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग फसल सूखी होने पर तेजी से फैल रही थी।
शोर सुनकर आस-पास के गांव के किसान भी मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने में जुट गए। आग लगने की सूचना पर फायर बिग्रेड के पहुंचने तक किसानों ने पानी की व्यवस्था कर आग को बुझा लिया लेकिन तब तक 50 बीघा खेत की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड की सूचना पर एसडीएम पीयूष रावत राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आग से पीड़ित किसान सुधा, रामपाल, सागर, हरपाल, लाखन सिंह, सीताराम से वार्ता कर नुकसान का सरकार से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।