मारहरा। थाना क्षेत्र के गांव इनामनगर के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने कस्बा से आ रहे बैंक अधिकारी और कर्मचारी से तमंचे के बल पर मोबाइल और पांच हजार की नकदी लूट ली। चंद कदमों की दूरी पर ही डायल 112 पुलिस खड़ी रही और लुटेरे बेखौफ होकर घटना को अंजाम दे गए।
कस्बा स्थित केनरा बैंक के फील्ड ऑफिसर महावीर सिंह बृहस्पतिवार रात कानपुर से लौटते समय मिरहची उतरे। वह मारहरा कस्बा में रहते हैं। वहां तक जाने के लिए बैंक के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रताप को बाइक सहित बुलाया। उसके साथ बैठकर मारहरा के लिए चल पड़े। रात करीब साढ़े नौ बजे नहर पुल पार इनाम नगर के पास पहले से ही घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने बाइक रुकवा ली और तमंचा तान दिया।
महावीर सिंह ने बताया कि बदमाश दो मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक आईडी, एक बैग और पांच हजार की नकदी लूटकर ले गए। सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। थाना प्रभारी रामकेश राजपूत ने बताया कि बैंक कर्मी रात नौ बजे के करीब मारहरा आ रहे थे। बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए, रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
नहर पुल पर लगातार हो रहीं घटनाएं
पूर्व में नहर पुल कुटैना माफी हो या रतनपुर पुल शाम से दोनों थानों की पुलिस तैनात रहती थी, लेकिन एक साल से पुलों पर गश्ती सुस्त बनी हुई है। सिर्फ डायल 112 के सहारे ही सुरक्षा व्यवस्था छोड़ दी गई है। जिससे आए दिन यहां लूट और चोरी की घटनाओं को बदमाश अंजाम दे रहे हैं।