एटा। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन में शिक्षकों ने मतदान में अपूर्व उत्साह दिखाया। जिले में भाजपा से डॉ. दिनेश वशिष्ठ और शिक्षक संघ से निर्दलीय प्रत्याशी गुमान सिंह यादव के मध्य कड़ी टक्कर के चलते यहां पांच बूथों पर अस्सी प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। वहीं एक बूथ पर सौ प्रतिशत वोट पड़े। आज होने वाली मतगणना के बाद पता चल सकेगा कि शिक्षक विधायक कौन बनेगा। जिले के दो शिक्षकों की इस प्रतिद्वंद्विता में कहीं एक बार फिर जगवीर किशोर जैन बाजी न मार ले जाएं।
शिक्षक विधायक पद के लिए जिले में नौ बूथ बनाए गए थे। इसमें जलेसर ब्लॉक में बनाए गए बूथ क्रमांक 91 पर 29 शिक्षक मतदाता थे, इनमें से सभी ने वोटिंग की, इससे यहां सौ प्रतिशत वोटिंग हुई। वहीं बूथ संख्या 79 विकास खंड निधौली, 91 विकास खंड जलेसर, 92 विकास खंड जैंथरा, 87 नवीन तहसील अलीगंज, 77 रोहन लाल चतुर्वेदी सर्वोदय इंटर कॉलेज, 80 मिरहची पूर्वी प्राथमिक विद्यालय, 78 सकीट और 76 मारहरा नायब तहसीलदार कार्यालय में मतदान हुआ।
यहां पड़े 80 प्रतिशत से ज्यादा वोट
नायब तहसीलदार मारहरा, रोहन लाल चतुर्वेदी सर्वोदय इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय पूर्वी, विकास खंड जैथरा और नगर पंचायत अवागढ़ में 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
यहां पड़े 80 प्रतिशत से कम वोट
जिले में तीन मतदान केंद्र सकीट, विकास खंड निधौली और नवीन तहसील अलीगंज में अस्सी प्रतिशत से कम वोटिंग हुई।