एटा। मूंगफली बेचकर ई-रिक्शा से घर लौट रहे किसान की जेब अज्ञात युवकों ने काट ली। जेब में रखे करीब 10 हजार रुपये गायब होने पर किसान को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने अलीगंज थाने में शिकायत देकर आरोपियों की तलाश और कार्रवाई की मांग की है।
गांव नकटई कलां निवासी प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया कि वह 13 सितंबर को मूंगफली बेचकर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। एटा-अलीगंज मार्ग पर लड़िसया पेट्रोल पंप के पास दो अज्ञात युवक भी ई-रिक्शा में बैठ गए। दोनों युवक मुकेश की गोदाम के पास ई-रिक्शा से उतर गए। कुछ देर बाद प्रमोद कुमार भी ई-रिक्शा से उतरे तो उन्हें जेब कटी होने की जानकारी हुई। जेब में रखे करीब 10 हजार रुपये गायब थे। किसान ने आशंका जताई कि ई-रिक्शा में सवार उन्हीं युवकों ने जेब काटकर रुपये निकाले हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की तलाश कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और ई-रिक्शा चालक तथा आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।