एटा। बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज की बिजली 1 घंटे तक गुल रही। ऐसे में ओपीडी में चिकित्सकाें को मोबाइल की फ्लैश लाइट में मरीजों को देखना पड़ा। चिकित्सकों सहित मरीजाें को दिक्कतों को सामना करना पड़ा। सुबह 11 बजे बिजली की व्यवस्था दुरुस्त हुई। तब जाकर मरीजों और चिकित्सकों ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार की सुबह मेडिकल कॉलेज में बने बिजली घर के यार्ड में इंस्यूलेटर खराब हो गया। सुबह करीब 10 बजे पुराने भवन सहित नए भवन की आपूर्ति ठप हो गई। आपूर्ति ठप होने से पैथोलॉजी, इमरजेंसी सहित अन्य कक्षों में सुबह के समय अंधेरा हो गया। इससे पर्चा काउंटर पर ऑनलाइन पर्चा भी बनना बंद हो गए। करीब 30 मिनट बाद जनरेटर चलाकर पुराने भवन में आपूर्ति बहाल कर दी गई। जबकि नए भवन में आपूर्ति ठप रही।
इस दौरान ओपीडी में अंधेरा छा गया। नए भवन के कई कक्षों में अंधेरा होने से चिकित्सकाें को मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर मरीजों को पर्चों पर उपचार लिखना पड़ना। चिकित्सकों ने बताया सुबह 11 बजे आपूर्ति बहाल हुई। करीब 1 घंटे तक नए भवन के कई कक्षों में अंधेरा रहा। अधिशासी अभियंता शहरी क्षेत्र जीसीएल भटनागर ने बताया कॉलेज में बना विद्युत उपकेंद्र का यार्ड उनका निजी है। वहां इंस्यूलेटर खराब हुआ था। इससे आपूर्ति बाधित हुई थी। शहर में कहीं कोई फाॅल्ट नहीं हुआ है।
-
अस्थि रोग विभाग सहित मेडिसन विभाग में रहा अंधेरा
मेडिकल कॉलेज के नए भवन में बिजली गुल होने से अस्थि रोग विभाग सहित फैमिली मेडिसन, व मेडिसन विभाग सहित अन्य विभागों में भी अंधेरा रहा। अंधेरा होने के कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्हें पता ही नहीं चल रहा था कि किस कक्ष में कौन से चिकित्सक बैठकर मरीजों को देखा रहे हैं।
एक इलेक्ट्रीशियन के सहारे है व्यवस्था
मेडिकल कॉलेज में एक इलेक्ट्रीशियन के सहारे बिजली की व्यवस्था चल रही है। सूत्रों की मानें तो विद्युत केंद्र जो बनाया गया है। उस केंद्र पर कोई समस्या आती है तो विद्युत निगम के कर्मियों को बुलाना पड़ता है। बृहस्पतिवार को जब समस्या आई तो निगम के कर्मी बुलाए गए। इससे आपूर्ति बहाल होने में समय लग गया।
-
बिजली आपूर्ति में समस्या आ गई थी। तत्काल जनरेटर चलाकर आपूर्ति को बहाल किया गया। कुछ समय ही दिक्कत रही थी। सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। -डॉ. रजनी पटेल, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज