एटा। मकर संक्रांति पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। मंदिरों में कार्यक्रम के साथ लोग दान-पुण्य भी करेंगे। इसके दो दिन बाद शादी सहालग भी शुरू हो जाएंगे। बाजारों में रौनक बढ़ गई है। लोग मूंगफली, गजक की खरीदारी कर रह हैं। वहीं शादी वाले घरों में कपड़े, गहनों आदि की भी खरीदारी चल रही है।
मकर संक्रांति पर दान-पुण्य के सामान पर महंगाई नजर आ रही है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार गजक, रेवड़ी आदि महंगी है। अलग-अलग किस्म की गजक 240 रुपये से लेकर 300 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। विक्रेता राजू और राकेश ने बताया कि इस बार तिल के दाम अधिक होने की वजह से गजक महंगी है। 20 से 40 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा अलग-अलग गजक पर हुआ है। कुटी हुई गजक की सबसे ज्यादा मांग है।
मंगलवार के बाद से ही शादियों की शुरुआत हो जाएगी। वैवाहिक मुहूर्त प्रारंभ होते ही विवाह आयोजन और खरीदारी का दौर भी तेज हो जाएगा। शादी का सीजन न केवल परिवारों के लिए खास होता है, बल्कि कारोबारियों के लिए भी यह समय फायदे का सौदा साबित होता है। पंडित हृदेश ने बताया कि 14 जनवरी को सूर्योदय के साथ ही मकर संक्रांति शुरू हो जाएगी। इस दौरान तिल, चावल व वस्त्र का दान-पुण्य कर सकते हैं। जबकि 16 जनवरी से वैवाहिक मुहूर्त भी शुरू हो जाएंगे।
व्यापारी इन दिनों अपने स्टॉक को अपडेट करने में लगे हैं। सराफा, बर्तन, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर खासतौर पर ग्राहकों की संख्या में इजाफा होने की संभावना है। बर्तन बाजार में स्टील और रसोई संबंधी उत्पादों का स्टाॅक बढ़ा दिया गया है। विवाह के अवसर पर मेहमानों को भेंट देने के लिए ऐसे उपयोगी उपहारों की मांग अधिक है।