एटा। मंडलायुक्त ने शनिवार को विकास खंड शीतलपुर की ग्राम पंचायत कंसुरी का निरीक्षण किया गया, इस दौरान पंचायत सचिव अनुपस्थित पाए गए। सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं कीलरमऊ में सचिव द्वारा साफ-सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव न कराने की वजह से वेतन रोका गया है। दो ग्राम पंचायतों का डीपीआरओ द्वारा भी निरीक्षण किया।
जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी ने बताया कि शनिवार को शीतलपुर की ग्राम पंचायत कंसुरी का मंडलायुक्त गौरव दयाल ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोरोना वायरस की चपेट में आए संक्रमित व्यक्तियों से वार्तालाप भी किया गया। इस दौरान पता चला कि पंचायत सचिव रवि शंकर ने कोरोना वायरस से ग्रसित व्यक्तियों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी नहीं पूछा, वहीं निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए। ग्राम पंचायत में साफ-सफाई व ब्लीचिंग पाउडर के घोल का छिड़काव भी नहीं कराया। इस पर तीन दिन के अंदर सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्राम पंचायत कीलरमऊ में पंचायत सचिव मुनीश्वरानंद द्वारा साफ-सफाई नहीं कराई जा रही है। गंदगी की भरमार लगी हुई है। ब्लीचिंग पाउडर के घोल का छिड़काव भी नहीं कराया गया। इस पर पंचायत सचिव का वेतन रोकने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्टीकरण तीन दिन के अंदर मांगा गया है।