घटनास्थल पर पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एटा के गांव समोगर में शनिवार की सुबह बच्चों में हुई गाली-गलौज की शिकायत करने गए पिता को गाेली मार दी गई। गोली लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायल को गंभीर हालत में सीएचसी से मेडिकल कॉलेज और यहां से आगरा रेफर किया गया। आगरा पहुंचने पर चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव समोगर निवासी सर्वेद्र ने बताया कि शनिवार की सुबह घर के बाहर गली में से निकलने पर कहासुनी हो गई। इस वजह से गांव के ही हरवीर ने चाचा रवेंद्र शाक्य (50) के बेटे अंकित के साथ गाली-गलौज कर दी। अंकित ने यह बात आकर पिता को बताई तो वह बेटे को साथ लेकर हरवीर के दरवाजे पर शिकायत करने पहुंच गए। पिता-पुत्र को दरवाजे पर देख वह बौखला गया और गाली-गलौज करने लगा। इतना ही नहीं उसने घर से तमंचा निकाला और फायर झोंक दिया। गोली सीधी रवेंद्र के सीने में लगी। इसकी वजह से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए।
पिता के गोली लगने पर रोता-बिलखता अंकित घर की ओर दौड़ पड़ा। जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और लहूलुहान रवेंद्र को कस्बा स्थित सीएचसी लेकर आए। यहां से चिकित्सक ने गंभीर हालत में घायल को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने आगरा रेफर दिया। वहां पहुंचे तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घायल के परिजन ने बताया कि हरवीर शराब पीने का आदी है। वह अक्सर शराब पीकर गाली-गलौज करते हुए उत्पात करता है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी पहुंचे गांव
गोली लगने से व्यक्ति की मौत होने की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह मौके पर पहुंच गए। यहां परिजन से मुलाकात कर घटना के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही एहतियात के तौर पर सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
आपस में दोस्त बताए जा रहे मृतक और हमलावर
गांव के लोगों के अनुसार मृतक और हरवीर दोस्त थे। गाली-गलौज की शिकायत करना इतना भारी पड़ जाएगा, ऐसा किसी ने सोचा नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता के साथ छानबीन कर रही है।
रास्ते में निकलने पर किसी बात के कारण विवाद हो गया और बाद में आरोपी हरवीर ने रविंद्र को गोली मार दी। जैथरा से मेडिकल कॉलेज लाए यहां से आगरा रेफर किया गया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और गांव सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसबल की तैनाती की गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
-श्वेताभ पांडेय, एएसपी