एटा। जिले के एक युवक को मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने का सपना दिखाकर मानव तस्करी और साइबर ठगों के जाल में फंसाने का मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश के एक एजेंट ने युवक से चार लाख रुपये ठग लिए और उसे थाईलैंड भेजने के बजाय अवैध रूप से म्यांमार भेज दिया। वहां उसे बंधक बनाकर साइबर गुलामी करने पर मजबूर किया गया।
कोतवाली देहात के गांव विरामपुर निवासी देवप्रकाश यादव ने साइबर क्राइम थाने में संजय राणा उर्फ संजय कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में लिखा है कि उसने 2018 में होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था।
नौकरी की तलाश के दौरान एक दोस्त के जरिए हिमाचल प्रदेश के जंगोली जिला कांगड़ा निवासी संजय राणा उर्फ संजय कुमार से हुआ।
संजय ने उसे थाईलैंड में मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इसके बदले 4 लाख रुपये की मांग की। देवप्रकाश ने विश्वास करके अपने और पिता के बैंक खाते से 4 लाख रुपये संजय को दे दिए। रुपये लेने के बाद संजय ने 21 जुलाई को उसे दिल्ली से बैंकॉक थाईलैंड भेज दिया।
बैंकॉक एयरपोर्ट पर एक ड्राइवर उसे लेने आया और करीब 6-7 घंटे घुमाने के बाद एक मुर्गा फॉर्म पर ले गया। वहां कुछ घंटे रखने के बाद उसे पहले बाइक फिर अन्य गाड़ियों के जरिए थाईलैंड बॉर्डर पार कराकर अवैध रूप से म्यांमार की एक झोपड़ी में छोड़ दिया गया।
साइबर क्राइम टीम मामले की गहनता के साथ छानबीन कर रही है। इस प्रकार के मामलों में सावधानी बरतें और किसी के झांसे या बहकावे में न आएं। विदेश में नौकरी पर जाने से पहले कंपनी के बारे में अच्छे तरीके से जांच-पड़ताल कर लें। विदेश में समस्या होने पर भारतीय दूतावास से संपर्क करें।