एटा। लाइनमैन की लापरवाही से एक व्यक्ति की जान चली गई। उसने उसको लाइन सही करने के लिए खंभे पर चढ़ा दिया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। 4 घंटे तक शव तारों पर लटका रहा। लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पिलुआ थाना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। बुलडोजर की मदद से शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विद्युत करंट की चपेट में आने से श्याम किशोर (40) निवासी गांव ककरावली थाना पिलुआ की मौत हो गई। बड़े भाई अमर सिंह ने बताया कि श्याम किशोर भोपालपुर में तैनात लाइनमैन जय प्रकाश के साथ रहता था।
बिजली खराब होने की शिकायत पर भाई को फोन कर भेज दिया करता था।
शनिवार को गांव के ही निवासी प्रेमपाल की लाइट खराब हो गई थी। उसने लाइनमैन जय प्रकाश को फोन कर सूचना दी। जय प्रकाश ने बिना शटडाउन लिए भाई को खंभे पर चढ़ा दिया जिससे वह खंभे पर तारों से चिपक गया। लगभग चार घंटे तक वह तारों में उलझा रहा।
अमर सिंह बताया कि लगभग 5 वर्ष पूर्व छोटा भाई रघुवीर सिंह भी इसी तरह विद्युत लाइन की चपेट में आ गया था जिससे उसका हाथ कट गया। एक वर्ष चले उपचार के बाद उसकी मौत हो गई थी। दोनों भाइयों पर दो-दो बच्चे हैं। इन बच्चों की परवरिश पता नहीं अब कैसे होगी।
श्याम किशोर फाइल फोटो