एटा। पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में बुधवार को न्याय पंचायत स्तरीय बालक व बालिका वर्ग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आसपुर व कवार न्याय पंचायतों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
दोनों न्याय पंचायत के 200 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। न्याय पंचायत कवार की प्रतियोगिता के 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में दोदलपुर के लव कुमार सबसे आगे रहे। इसी गांव की रजनी बालिका वर्ग के 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में विजयी रहीं। 50 मीटर बालक वर्ग में सकतपुर के आकाश और बालिका वर्ग में सकतपुर की जयमाला विजयी रहीं। लंबी कूद में नैनपुर की रोशनी और अभिषेक अपने-अपने वर्ग में प्रथम रहे।
आसपुर न्याय पंचायत के बालिका वर्ग की 50, 100, 200, 400 मीटर दौड़ में सभ्या यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में मुस्कान तो लंबी कूद में भावना विजयी रहीं। बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में विनीत, 100 मीटर में आशिक, 200 मीटर में दुष्यंत और 400 मीटर में आशीष ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन पर बच्चों को खंड शिक्षा अधिकारी थान सिंह ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। भारत वीर वर्मा ने संचालन किया। राजीव यादव, मनीष दुबे, मोनिका, पुष्पेंद्र, संतराम, अजित, शशिकांत आदि लोग मौजूद रहे।्