अलग-अलग जगहों पर बदमाशों ने महिला से तमंचे के बल पर हजारों की नकदी, जेवरात लूट लिए। वहीं, चार बदमाशों ने युवक को पीट कर बाइक लूट ली। मामलों की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
कासगंज थाना पटियाली के गांव शहादत नगर निवासी अमित ने बताया कि 18 जनवरी को बहन को लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। थाना बागवाला के गांव जमलापुर स्थित एक भट्ठे के पास पहुंचे। तभी बिल्लू निवासी पहाड़पुर थाना जैथरा सहित तीन लोगों ने रास्ते में घेर लिया। तमंचे के बल पर उनकी बहन से 3500 रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
उधर, थाना सकरौली के गांव नगला लालसिंह निवासी रामप्रकाश ने बताया कि बुधवार सायं वह बाइक से घर लौट रहा था। गांव मुकुटपुर स्थित नहर के पास पहुंचते ही चार बदमाशों ने रोक लिया। पीट कर घायल कर दिया। बाद में बाइक लूट ले गए। पुलिस ने दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।