जलेसर। थाना क्षेत्र के ग्राम अकराबाद में बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। घर में सो रही वृद्ध महिला को कमरे में बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद करीब 6 लाख लाख रुपये के सोने के जेवर और नकदी ले गए।
ग्राम अकराबाद निवासी मुनेंद्र सिंह ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बताया कि 23 दिसंबर की रात उनकी माता महावती देवी अपने भांजे अनुराग के साथ एक कमरे में सो रही थीं।
इसी दौरान अज्ञात चोरों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया। पहले उस कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी जिसमें मां सो रही थीं। इसके बाद बगल के कमरे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर ली। मुनेंद्र ने बताया कि चोरी गए सामान में सोने की दो चेन, चार अंगूठी और 50 हजार रुपये शामिल है।
घटना की जानकारी बुधवार सुबह तब हुई जब मां पशुओं को चारा डालने के लिए उठीं। कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। शोर मचाने पर जब दरवाजा खोला गया और दूसरे कमरे में जाकर देखा तो वहां सामान बिखरा पड़ा था और जेवर व रुपये गायब थे। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।