रेलवे स्टेशन पर खड़ी माल गाड़ी ।
- फोटो : ETAH
एटा। मार्च माह में लॉकडाउन लगने के बाद से ही सवारी रेलगाड़ियां बंद हैं। वहीं मालगाड़ियां बदस्तूर चल रही हैं। जिले में बाहर से यूरिया और सीमेंट आता है, जबकि यहां से गेहूं और धान जाता है। इसी कारण बिना सवारी ढोए रेलवे ने सामान के आयात-निर्यात से ही 44 करोड़ 42 लाख, 55 हजार 335 रुपये का राजस्व प्राप्त किया है।
28 मार्च से लॉकडाउन लगने के बाद से रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन बंद है। पैसेंजर ट्रेन बंद होने से लग रहा था कि रेलवे की आय कम हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लॉकडाउन में मालगाड़ी का आना-जाना बदस्तूर बना रहा, जिससे बड़ी मात्रा में यहां सामान का आयात-निर्यात होता रहा। रेलवे ने मालगाड़ी द्वारा माल के आयात पर 18 करोड़ 43 लाख 56 हजार 4 सौ 79 रुपये का राजस्व प्राप्त किया। वहीं शहर से माल को निर्यात करने में रेलवे को 25 करोड़ 98 लाख 98 हजार 8 सौ 56 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
जुलाई माह में सर्वाधिक आय
जुलाई माह में रेलवे को सर्वाधिक आय हुई। इस दौरान 4 करोड़ 28 लाख 56 हजार 6 सौ 29 रुपये की आय हुई। इसमें खाद, सीमेंट, कोयला आदि सामान का आयात किया गया। वहीं शहर से इसी माह 4 करोड़ 15 लाख 36 हजार 2 सौ 70 का माल निर्यात किया गया। जिसमें गेहूं, धान, मक्का आदि का निर्यात किया गया।