शहर के एक मोहल्ले गश्त के दौरान एनाउंसमेंट करते सीओ सिटी और साथ में अन्य पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। बरेली में उपद्रव होने के बाद जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस अनावश्यक रूप से घूमने वालों पर सख्ती से पेश आने के संकेत दे रही है। सीओ सिटी ने सोमवार को लाउडस्पीकर के माध्यम से गलियों और मोहल्लों में घूम कर लोगों को चेताया है।
सीओ सिटी राजकुमार सिंह सोमवार दोपहर बाद पुलिसकर्मियों को लेकर गलियों और मोहल्लों में निकल पड़े। लाउडस्पीकर के माध्यम से उन्होंने लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने पर चेतावनी दी। इस दौरान वे मोहल्ला किदवई नगर, पटियाली चौकी, रेवाड़ी मोहल्ला, होली मोहल्ला, मारहरा दरवाजा, इस्लाम नगर, नगला पोता आदि घूमे और लोगों को घरों में रहने की हिदायतें दीं।
साथ ही लॉकडाउन का पूरा पालन करने और सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस से संबंधित कोई भी टिप्पणी नहीं करने की बात कही गई। सीओ सिटी ने बताया कि बरेली जैसी स्थितियां यहां पर नहीं हैं, लोगों को कोरोना वायरस से बचाव को लेकर गलियों और मोहल्लों में अनाउंसमेंट किया गया है ताकि लोग घरों में सुरक्षित रह सकें। साथ ही बरेली की वारदात को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।