एटा। जिले में समस्याओं को लेकर कंट्रोल रूम पर लगातार फोन आ रहे हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारी सभी लोगों की समस्याओं का तुरंत ही निस्तारण भी करा रहे हैं। इस दौरान लोग सबसे अधिक गांव में बाहर से आने वाले लोगों की जांच कराने के लिए फोन कर रहे हैं। वहीं, राशन नहीं बंटने, बीमार होने के मैसेज दे रहे हैं। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम में 12 कॉलें आईं। इसमें सब्जी महंगी होने की दो, लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण की चार, राशन नहीं बंटने संबंधी दो शिकायतें शामिल हैं।
पूर्वाह्न 11 बजे
अचानक फोन की घंटी बजती है। यहां बैठे कर्मचारी संतोष प्रताप ने फोन उठाया। उधर, से फोन करने वाले ने बताया कि जलेसर में राशन नहीं बंट रहा है। इस पर संतोष ने कॉल को आपूर्ति विभाग के योगेश कुमार को दे दिया। उन्होंने इसकी जानकारी क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी को दी। दोपहर बाद अजय से मामले में फीड बैक लिया गया। उसने बताया कि दुकान खुल गई है और राशन का वितरण किया जा रहा है।
पूर्वाह्न 11 : 45 बजे
पौंडरी अवागढ़ से कंट्रोल श्याम ने फोन किया कि गांव में जयपुर से चार लोग आए हैं। इनका स्वास्थ्य ठीक नहीं लग रहा, इनकी जांच कराई जाए। कंट्रोल रूप में बैठीं मलेरिया निरीक्षक ओमना यादव ने इसकी जानकारी क्षेत्रीय रैपिड रिस्पांस टीम को दी, जहां से तत्काल टीम ने एंबुलेंस से पहुंचकर चारों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्हें कोई बीमारी नहीं निकली। बाद में श्याम ने बताया कि टीम आई थी और चारों लोगों की जांच कर गई है।
दोपहर 12 बजे
मिरहची थाना क्षेत्र के गांव ततारपुर निवासी सुमंत कुमार ने कंट्रोल रूम को फोन किया। साथ ही बताया कि दिल्ली से चार-पांच लोग आए हैं। इन्हें खांसी और बुखार की शिकायत है। कर्मचारी ने शिकायत को सीएमओ ऑफिस में बने कंट्रोल रूम को ट्रांसफर किया। जहां से रैपिड रिस्पांस टीम गांव में भेजी गई। एक घंटा बाद स्वयं कॉलर ने फोन कर कंट्रोल रूम को बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंच गई है।
स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर किया फोन
सीएमओ कार्यालय में बने कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र नागर ने बताया कि बृहस्पतिवार को यहां दोपहर एक बजे तक 8 कॉल आईं। कॉल आते ही रैपिड रिस्पोंस टीम को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए संबंधित गांवों में भेजा गया।
डीलर कर रहे कॉल
डीएसओ कार्यालय में बने कंट्रोल रूम पर राशन डीलरों की शिकायतें ज्यादा आ रही हैं। बृहस्पतिवार को यहां आठ कॉल आईं। जहां तीन राशन डीलर द्वारा वितरण की समस्या को लेकर बताई तो वहीं दो जगह राशन डीलरों ने ई-पास मशीन में नेटवर्क न होने पर वितरण न होने की जानकारी दी। जबकि तीन शिकायतें राशन वितरण को लेकर थीं। कंट्रोल रूम द्वारा क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक को सूचना देकर समस्याओं का निस्तारण किया गया।
शिकायतों के निस्तारण का फीड बैक भी ले रहे कर्मचारी
-कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम में कर्मचारी 24 घंटे कार्यरत हैं। यहां आने वाली कॉलों को समस्याओं से संबंधित विभागों को दे दिया जाता है। वहीं, शिकायतों का निस्तारण हुआ या नहीं इसका भी फीड बैक लिया जा रहा है।
-सुखलाल भारती, जिलाधिकारी