जलेसर। विरोध के बावजूद तहसीलदार संदीप सिंह को तीसरी बार तैनात किए जाने से अधिवक्ताओं का पारा चढ़ा हुआ है। इनकी तैनाती के बाद से अधिवक्ता हड़ताल पर हैं। इससे वादकारी परेशान हैं। शनिवार को 33वें दिन भी अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। अधिवक्ताओं के लगातार हड़ताल करने से तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एसडीएम न्यायालय का काम काज पूरी तरह ठप है।
न्यायालयों में काम न होने से वादकारियों को दिक्कत हो रही है। हड़ताल के चलते तहसील में दाखिल-खारिज तक नहीं हो पा रहा है। इससे पहले दो बार तैनात रहने के समय तहसीलदार से अधिवक्ताओं का विवाद हो गया था। विवाद पर अधिवक्ताओं के हड़ताल किए जाने पर उनको हटाया गया था। फिर तैनाती होने पर अधिवक्ता उनको हटाने की जिद पर अड़े हैं।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामनिवास यादव ने बताया कि साल में आधे से अधिक समय तहसीलदार के विरोध में आंदोलन में निकल गया। 33 दिन की हड़ताल में मंडलायुक्त, विधायक, यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष को ज्ञापन देने पर भी कोई कार्रवाई न होना जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाता है। उन्होंने कहा कि तहसीलदार संदीप सिंह के न हटने पर हड़ताल जारी रहेगी।