एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के गांव कसैला में रविवार की शाम दोस्तों के साथ शराब पीने के लिए युवक चला गया। शराब पीने के बाद सभी की तबियत बिगड़ने लगी है। परिजनों ने एंबुलेंस के माध्यम से देरशाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तब पता चल सका कि शराब जहरीली थी।
गांव कसैला निवासी जितेंद्र कुमार (35) पुत्र राकेश कुमार रविवार को कुछ दोस्तों के साथ गांव में ही शराब पीने चला गया। शराब पीने के बाद सभी की तबियत बिगड़ने लगी। जितेंद्र की हालत ज्यादा चिंताजनक होने पर परिजनों को खबर दी गई। परिवारीजनों ने एंबुलेंस को कॉल करके बुला लिया और जितेंद्र को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के बाद हालत स्थिर हुई। वहीं अन्य दोस्तों ने प्राइवेट चिकित्सकों से दवा ली।
परिजनों ने मामले में पुलिस को भी सूचना नहीं दी है। बताया गया है कि गांव में देशी शराब की बिक्री होती है उसी को लोग पीकर जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी ने बताया है कि शराब पीने से युवक की तबियत खराब होने की कोई जानकारी नहीं है। अगर शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।