एटा। उमस भरी गर्मी लोगों को बेचैन कर रही है। बृहस्पतिवार सुबह हवा चली और आसमान में बादल छाए। जिससे लोगों को हल्की राहत मिली। हालांकि दोपहर के समय हल्की धूप चमकने से उमस बढ़ गई। बुधवार को दिन भर भीषण गर्मी पड़ी। रात के समय अचानक ठंडी हवाएं चल गईं, जिससे गर्मी कुछ कम हुई। हवा बृहस्पतिवार सुबह के समय भी चलती रही।
साथ ही आसमान में बादल भी छा गए। ऐसे में सुबह 9 बजे तक मौसम सुहाना बना रहा, लेकिन इसके बाद हल्की धूप चमकने लगी। दोपहर के समय गर्मी और उमस भी बढ़ गई। हालांकि तापमान बीते दिन की अपेक्षा चार डिग्री कम ही रहा। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके चलते कुछ राहत रही।