एटा। नए साल में लोगों को बिजली कटौती से परेशान होना पड़ा। कोहरा और गलन के साथ शुरू हुए नए साल में लोग विद्युत कटौती के चलते सुबह-सुबह स्नान आदि दैनिक कार्य तक नहीं कर पाए। वहीं ऑफिस में लोग बिना बिजली के हीटर की तपिश का आनंद नहीं ले सके।
शुक्रवार सुबह सात बजे से गायब हुई बिजली दोपहर तक एक-दो घंटे के अंतराल पर कटौती कर दी गई। सुबह बिजली गायब होने से गांधी मार्केट, नई बस्ती, भगीपुर, जीटी रोड, नेहरू नगर, नगला पोता, रेवाड़ी मोहल्ला, पटियाली गेट आदि इलाकों के लोग परेशान रहे। वहीं विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता आरबी राय ने बताया कि नगला पोता के समीप सब स्टेशन पर 630 केवीए का ट्रांसफार्मर अधिक लोड होने के कारण खराब हो गया, इसके चलते विद्युत अव्यवस्था रही।
उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में सुबह चार से छह बजे के बीच अचानक ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ जाता है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण लोगों का हीटरों पर हाथ तापना और पानी गर्म करना है। एक साथ घरों में बिजली की चोरी कर लोग हीटर, इमर्शन रॉड आदि का धड़ल्ले से उपयोग कर रहे हैं। इससे ट्रांसफार्मरों पर सुबह-सुबह लोड बढ़ने से परेशानी उत्पन्न हो जाती है, वहीं चोरी की बिजली जलाने से विभाग को भी राजस्व की हानि हो रही है।