एटा। आधी से अधिक बिजली लाइनलॉस में गंवा रहे जिले की अनवरत आपूर्ति पर संकट बढ़ने वाला है। ऊर्जा मंत्री ने जनपदीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लाइनलॉस नियंत्रण की चेतावनी देते हुए कहा कि नई नीति में 15 प्रतिशत लाइनलॉस वाले जिलों व क्षेत्रों को ही अनवरत विद्युत आपूर्ति दी जाएगी।
पहले से ही बिजली चोरी में बदनाम जिले में कोविड के बाद बिजली चोरी और बढ़ गई है। गांव तो दूर शहर में भी लोग जमकर बिजली चोरी कर रहे हैं। पॉवर कारपोरेशन ने पचास प्रतिशत से अधिक लाइनलॉस वाले शहरी खंड के सात एवं ग्रामीण खंड के चालीस से अधिक फीडर्स को हाई लाइनलॉस में चिह्नित कर रडार पर ले लिया है। शहरी खंड के लालगढ़ी फीडर पर तो 80 प्रतिशत से अधिक की बिजली चोरी एवं हानि है।
ऊर्जा मंत्री की चेतावनी के बाद जहां अधिकारियों पर लाइनलॉस नियंत्रण के साथ ही राजस्व वसूली की जिम्मेदारी बढ़ गई है। अधिशासी अभियंता, शहरी खंड आरबी राय ने बताया कि ऊर्जा मंत्री के आदेश के बाद छापा एवं राजस्व वसूली अभियान को और तेज किया जाएगा। शहरी खंड में सबसे कम 35 प्रतिशत विद्युत हानियां इंडस्ट्रियल दो फीडर की हैं। जबकि शेष फीडर्स पर पचास प्रतिशत से अधिक चोरी एवं हानियां हैं।