एटा। स्वास्थ्य विभाग में पहले से चिकित्सकों की कमी है। इस बीच जिले से चार चिकित्सक बिना सूचना दिए अनुपस्थित चल रहे हैं। तीन चिकित्सकों की सूचना शासन को पहले ही भेजी जा चुकी है। अब एक और चिकित्सक की सेवा समाप्ति के लिए पत्र भेजा गया है।
सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया कि अलीगंज सीएचसी पर तैनात डॉ. जितेंद्र पूर्व में पीजी करने के लिए गए थे। पीजी की पढ़ाई पूरी करने के बाद से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। 1 वर्ष से अधिक का समय हो गया है। उन्होंने कोई सूचना नहीं दी है। इसी को लेकर शासन को पत्र भेजा गया है। इसमें कार्रवाई करने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में डॉ. अंकित मित्तल, डॉ. अजेंद्र व डॉ. आकांक्षा के संबंध में भी शासन को पत्र भेज दिया गया था। ये चिकित्सक बिना बताए 2 वर्ष से अनुपस्थित चल रहे हैं।
सीएमओ के अधीन हैं कुल 33 चिकित्सक
जनपद में सीएमओ के अधीन 148 चिकित्सकों की जरूरत है, लेकिन यहां कुल 33 चिकित्सक ही कार्य कर रहे हैं। सीएमओ के अधीन सर्जन सहित बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं। इसके अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की भी कमी है।