जलेसर तहसील में ई-रजिस्ट्री के विरोध में एसडीएम पीयूष रावत को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता। संवाद
जलेसर। ई-रजिस्ट्री के विरोध में गुस्साए अधिवक्ताओं ने सोमवार को तहसील में तालाबंदी कर दी। अधिवक्ताओं के तालाबंदी किए जाने से अधिकारियों कर्मचारियों में खलबली मच गई। तालाबंदी करने के साथ ही अधिवक्ता तहसील के मुख्य द्वार पर धरना देकर बैठ गए।
अधिवक्ताओं के मुख्य द्वार पर धरना दिए जाने से तहसील में लोग न अंदर न आ सके और बाहर जा सके। पांच दिनों से कार्य बहिष्कार कर रहे अधिवक्ताओं का पारा चढ़ने पर वादकारी और अधिकारी-कर्मचारी परेशान हैं। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेश्वर सिंह यादव और महासचिव दिजेंद्र सिंह ने अधिवक्ताओं के साथ पहुंचकर एसडीएम पीयूष रावत को राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। इसमें अधिवक्ताओं के हितों की अनदेखी किए जाने का प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में ग्राम पंचायत स्तर पर शुरु की गई ई-रजिस्ट्री व्यवस्था को वापस लिए जाने को कहा गया है। बार एसोसिएशन के सचिव डीएस यादव ने कहा सरकार की मंशा ग्राम पंचायत स्तर पर ई-रजिस्ट्री की व्यवस्था कर निबंध मित्र नियुक्त करने की है। इससे अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक, बैनामा लेखक का नुकसान है। प्रदर्शन करने वाले अधिवक्ताओं में सुनील दीक्षित, रमेशपाल सिंह, नरेंद्र सिंह यादव, कमलेश सारस्वत, जेपी सिंह, जयशंकर गौड़, संतोष यादव, शाहनवाज खान सहित आदि मौजूद रहे।