एटा। जवाहर तापीय विद्युत परियोजना में बिहार के एक मजदूर की शनिवार को मौत हो गई थी। परिजन 50 लाख रुपये और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। देर रात कंपनी और उनके बीच समझौता हुआ। 18 लाख रुपये के मुआवजे पर सहमति बनी। जबकि पांच लाख रुपये बीमा धनराशि अलग से मिलेगी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम किया गया। जिसमें डूबने से मौत की वजह बताई गई है।
बिहार के रोहताश जिले के नौहाता थानांतर्गत गांव जयंतीपुर निवासी विनेश शनिवार को परियोजना के वाटर सप्लाई टैंक में गिर गया था। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसके शव को दोपहर बाद करीब 3.30 बजे बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। 50 लाख रुपये और नौकरी की मांग रखी गई। रात 11.30 बजे 18 लाख रुपये पर सहमति बनी। मृतक के भाई रामलाल ने रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि कंपनी से मुआवजे को लेकर समझौता हो गया है। पांच लाख रुपया बीमा का अलग से दिया जाएगा।
थानाध्यक्ष मलावन राजीव कुमार ने बताया कि देर रात मजदूरों और कंपनी में समझौता हुआ। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम पर भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद उसका भाई शव को लेकर बिहार चला गया है। रविवार को हुए पोस्टमार्टम में मजदूर की मृत्यु पानी में डूबने से बताई गई।