एटा। चीन में कोरोना वायरस फैल गया है। इस दौरान चीन में फंसे जलेसर निवासी दंपती के बृहस्पतिवार को यहां आने की संभावना है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी कर ली है। दंपती को अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में 14 दिन के लिए भर्ती किया जाएगा।
जलेसर निवासी आशीष यादव बुहान की टेक्सटाइल यूनिवर्सिटी में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। उनकी पत्नी वहां पीएचडी कर रही हैं। चीन में कोरोना वायरस फैलने के कारण दोनों लगभग एक माह से वहां फंसे हुए हैं। संक्रमण को लेकर सरकार द्वारा चीन से आवाजाही पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। वहीं, दंपती ने बीते दिनों भारत सरकार सहित पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सहायता की गुहार लगाई थी। वहीं, जिले के तीन सांसद हरनाथ सिंह यादव, राजवीर सिंह राजू भैया और एसपी सिंह बघेल ने विदेश मंत्रालय से उन्हें भारत लाने की पहल की। इस पर भारत सरकार द्वारा चीनी दूतावास से बात की गई। दंपती 20 फरवरी को भारत आ रहे हैं। इसके बाद वह जलेसर स्थित अपने घर आएंगे। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
बात नहीं मानी तो घर पर ही एक कमरे में रखा जाएगा
पहले दंपती को 14 दिन तक एयरपोर्ट पर रखा जाएगा। अगर वहां नहीं रखा गया तो जलेसर आने पर विभाग द्वारा उन्हें जिला अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया जाएगा।
अगर उन्होंने विभाग की बात नहीं मानी तो उन्हें घर पर ही एक कमरे में रखा जाएगा। इस दौरान उन्हें भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया उनका ब्लड सैंपल लेकर जांच को भेजा जाएगा। वहीं, डब्ल्यूएचओ की टीम द्वारा उनके ऊपर 14 दिन तक नजर रखी जाएगी।
-लोकमान सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी