स्टेडियम के निर्माण को मंजूरी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खेल राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार राम सकल गुर्जर ने मंगलवार को 9.09 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्टेडियम की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नौजवानों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के कार्य किए जा रहे हैं। दावा किया कि यहां खेलों की तकनीकी ट्रेनिंग और आधुनिक सुविधायें मुहैया कराई जाएगी।
बता दें कि सोरों स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज के पीछे ग्राम फरीदपुर में पांच हेक्टेयर भूमि पर 9 करोड़ 09 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम के निर्माण को मंजूरी मिली है। शिलान्यास मौके पर आयोजित समारोह में परिवहन राज्यमंत्री मानपाल सिंह ने कहा कि स्टेडियम बनना जिले के लिए गौरव की बात है। दावा किया कि प्रदेश सरकार द्वारा खेलों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वहीं पूर्व सांसद एवं सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने खेल मंत्री से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं जिले के विकास के लिए अन्य योजनाओं का भी लाभ देने का प्रस्ताव रखा। खेल निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए गंभीर है। प्रदेश में उच्चस्तरीय खेलों के आयोजन कराए जा रहे हैं। डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि स्टेडियम निर्माण के लिये 21 किसानों की सहमति से तीन करोड़ रुपये की जमीन खरीदी गई है। निर्माण को स्वीकृत 9.09 करोड़ रुपये में से पहली किश्त का दो करोड़ रूपये प्राप्त भी हो गया है। इस मौके पर सीडीओ श्रीनिवास मिश्र, प्रोजेक्ट मैनेजर राजकीय निर्माण निगम हरिओम शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण सीपी सिंह, उपक्रीड़ा अधिकारी मंजूर आलम अंसारी आदि मौजूद रहे।