जन्माष्टमी की जिले भर में तैयारियां दिखने लगी हैं। झांकियां सजाई जा रही हैं। वहीं महंगाई की भी असर दिख रहा है। जीटी रोड सिंधी कालोनी में सजने वाली झांकियों को लेकर कालोनी वासियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
कान्हा का जन्म दिन शनिवार को मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर झांकियां सजाई जाती हैं। इसके लिए लोग इसकी तैयारी में जुटे हैं, वहीं घरों व अन्य स्थानों पर झांकियां सजाने में व्यस्त हैं। बाजारों में भी जन्माष्टमी की रौनक दिखाई देने लगी है। लड्डू गोपाल की पोशाकें, श्रृंगार की चीजें व अन्य सामानों की दुकानें सज गई हैं। लोग खरीदारी कर रहे हैं। दूसरी ओर हर साल जीटी रोड स्थित सिंधी कालोनी में जन्माष्टमी पर झांकियां सजाई जाती हैं। इन झांकियों को देखने लोग दूर-दूर से आते हैं। कालोनी के लोगों ने जिलाधिकारी और एसएसपी को एक पत्र देकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाए जाने की मांग की है। मांग करने वालों में लख्मीचंद, गोपाल कुमार, किशोर, सुरेशचंद्र, मूलचंद्र, प्रेमचंद्र, प्रवीन व मनोज कुमार शामिल हैं।
अलीगंज में भी जन्माष्टमी की तैयारी चल रही हैं। जन्माष्टमी का पर्व पांच सितंबर को मनाया जाएगा। धर्म प्रेमी बाजार में खरीदारी करने तो पहुंच रहे हैं लेकिन महंगाई ने उनके उत्साह को कम किया है। सामानों पर महंगाई की मार है। कुटू का आटा, सिंघाड़ा, चीनी, मेवा, मावा, फल आदि पर महंगाई साफ दिख रही है। वहीं घरों में झांकियां सजाने के लिए खरीदे जा रहे मुकुट, ड्रेस मेटेरियल आदि भी काफी महंगे हो गए हैं। ड्रेस मेटेरियल विक्रेता ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले सामानों पर 20 से 25 प्रतिशत तक दाम बढ़े हैं।