एटा। मेडिकल कॉलेेज की इमरजेंसी में एक व्यक्ति को गंभीर हालत में बुधवार की देर शाम भर्ती कराया गया। कुछ देर उपचार के बाद व्यक्ति की मौत हो गई। लेकर आए युवक ने बताया कि मृतक कबाड़ बीनने का काम करता था। तबीयत खराब होने पर एंबुलेंस के माध्यम से लाया गया था। पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिय।
थाना व कस्बा सकीट के मोहल्ला काजी निवासी राजन (35) शहर की सड़कों से कबाड़ बीनकर गुजारा करता था। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आए दिलीप ने बताया कि यह तबीयत खराब होने की वजह से कबाड़ की दुकान के पास बेहोश पड़ा था। स्थिति गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आए। यहां उपचार के लिए भर्ती कराने के बाद दिलीप चला गया और कुछ ही देर बाद राजन की मौत हो गई।
सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को इमरजेंसी से उठाकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। जानकारी होने पर बृहस्पतिवार की सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। थाना सकीट प्रभारी शंभूनाथ ने बताया कि सूचना पर थाने से पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
काफी समय से नहीं गया था घर
मोहल्ला काजी निवासी पप्पू यादव ने बताया कि भाई राजन एक माह से घर पर नहीं आया था। बुधवार की रात लगभग 11 बजे थाना पुलिस के माध्यम से जानकारी मिली कि राजन की मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में मौत हो गई जिसके बाद परिजन बृहस्पतिवार की सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे।