जलेसर (एटा)। बेरनी विद्युत सब स्टेशन पर बृहस्पतिवार की रात भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ कर दी और जेई सहित अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। मामले में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इधर, आक्रोशित विद्युतकर्मियों ने क्षेत्र की बिजली रात भर ठप रखी।
अवर अभियंता बेरनी मनीष कुमार ने बताया कि ओबीसी मशीन में बृहस्पतिवार की देर शाम वैक्यूम सैल ब्लास्ट कर गया। इससे सब स्टेशन से दी जाने वाली विद्युत सप्लाई ठप हो गई। ग्राम रामरायपुर, ऊंचा गांव और बेरनी सहित आधा दर्जन ग्रामों की सप्लाई बाधित हो गई। कर्मचारी जगदीश ने बताया कि मिस्त्री जब मशीन को ठीक कर रहे थे, तभी ग्राम राम रायपुर निवासी भाजपा नेता सचिन सिसोदिया की अगुवाई में दर्जनों युवक विद्युत स्टेशन पर पहुंच गए।
उन्होंने आते ही जेई सहित अन्य स्टाफ से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो मारपीट करते हुए विद्युत सब स्टेशन में भी तोड़फोड़ कर दी। इससे सरकारी संपत्ति को क्षति हुई। वहीं करीब 20 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। जेई मनीष कुमार की ओर से गांव रामरायपुर निवासी सचिन पुत्र राजवीर, राजू पुत्र शिवचरन, गप्पू पुत्र गजेंद्र शाह सहित आठ लोगों के खिलाफ मारपीट और तोड़-फोड़ करने की रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।