जिले में बिना स्वच्छता प्रमाण पत्र के संचालित हो रहे ईट भट्ठों पर सख्त कार्रवाई की। ईट भट्ठों पर प्रशासनिक अधिकारियों ने जेसीबी से तैयार रखी कच्ची ईटों को तोड़ दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से भट्ठा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब हो कि उच्च न्यायालय ने भट्ठा संचालन पर बिना स्वच्छता प्रमाण के रोक लगाई हुई हैं। इस रोक के बाद भी जनपद में कई ईट भट्ठे संचालित हैं।
अधिकतर ईट भट्ठा संचालकों ने स्वच्छता प्रमाण पत्र की अनिवार्यता के विरोध में हड़ताल कर रखी है। न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने भट्टा संचालकों पर कार्रवाई करना शुरु कर दिया है। जो ईट भट्टे बिना स्वच्छता प्रमाण पत्र के संचालित हो रहे हैं उन पर कार्रवाई की गई। सियाराम साहू, चांद मियां, सरवर हुसैन, जय अंबे, विराट मारुती पर जेसीबी से कार्रवाई करते हुए भट्ठों का संचालन बंद करा दिया।
मौके पर पहुंचे सहावर के एसडीएम नागेंद्र नाथ द्विवेदी, तहसीलदार अशोक कुमार, खनन अधिकारी रंजीत निर्मल, नायब तहसीलदार मौजीलाल पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
तहसीलदार ने बताया कि जो भट्ठे बिना स्वच्छता प्रमाण पत्र के चल रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इसके बाद भी कोई भट्ठा चलाता है तो प्राथमिकी दर्ज कराकर रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।