सलामी के बाद किया गया जवान का अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शुक्रवार सुबह सीआरपीएफ जवान का पार्थिव शरीर पहुंचा। पार्थिव शरीर पहुंचते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद साथ में आए जवानों ने सलामी देकर अंतिम विदाई दी। इस मौके पर जवान को अंतिम दर्शनों को भारी भीड़ उमड़ी।
जैथरा थाना क्षेत्र के नगला मोहन गांव निवासी अरुण यादव सीआरपीएफ की 186 बटालियन में तैनात थे। अरुणाचल प्रदेश में तैनाती के दौरान उनका निधन हो गया। शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे उनका पार्थिव शरीर लेकर जवान गांव पहुंचे। सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त पिता रामौतार यादव, पत्नी नीलम यादव, सीआरपीएफ जवान बड़े भाई दिलीप यादव और छोटे भाई सौरभ यादव का रो-रोकर बुरा हाल था।
दिवंगत जवान की बेटियां पलक 10 वर्ष, परी 8 वर्ष और किट्टू 3 वर्ष के सिर से पिता का साया उठ गया। वर्ष 2005 में उनकी नौकरी लगी थी और वर्ष 2008 में नीलम देवी के साथ शादी हुई। भाई सौरभ ने बताया कि माह अक्टूबर 2022 में छुट्टी लेकर घर आए थे। इसके बाद से नहीं आ सके। उन्होंने पीटीआई तथा कमांडो का कोर्स भी किया था। जब भी घर पर आते थे तो गांव के युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करते थे।
सीआरपीएफ के निरीक्षक दिलीप कुमार के नेतृत्व में अंतिम सलामी दी गई। छोटे भाई सौरभ ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामकिशोर यादव, तहसीलदार राकेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष रामेंद्र शुक्ला, प्रधान बृजेश यादव, सैनिक प्रकोष्ठ के पूर्व कैप्टन महावीर शर्मा आदि मौजूद रहे।