कहां तो तय था चिरागा हर एक घर के लिए, कहां चिराग मयस्सर नहीं शहर भर के लिए...शायर दुष्यंत कुमार की ये पक्तियां अलीगंज क्षेत्र में पेयजल व्यवस्थाओं की हकीकत बयां करती हैं। क्षेत्र में 50 लाख लीटर पानी की आपूर्ति चाहिए। पर, सप्लाई सिर्फ 36 लाख लीटर है। पांच में से दो नलकूप और दो में एक ओवरहैड टैंक सूखा पड़ा है। पानी के साथ कीड़े भी आ रहे हैं। पानी की किल्लत अलीगंज में ही नहीं है। ऐसी ही समस्या से जैथरा और राजा का रामपुर नगर पंचायत के लोग भी जूझ रहे हैं।
अलीगंज पालिका क्षेत्र की आबादी पचास हजार है। इसके लिए रोजाना 50 लाख लीटर पानी की जरूरत है। इसके लिए पांच नलकूप, सौ हैंडपंप और तीन ओवरहैड टैंक हैं। इनमें दो नलकूप और ज्यादातर हैंडपंप शोपीश बने हैं। 40 साल पुरानी पानी की टंकी भी 10 साल से खराब पड़ी है। अवर अभियंता त्रिलोकीनाथ यादव ने बताया कि नगर में पाइप लाइन लीकेज बंद करने का काम चल रहा है। बंद पडे़ नलकूपों की मरम्मत का प्रस्ताव भेजा गया है। गर्मी आने से पहले पेयजल आपूर्ति व्यवस्था ठीक करा ली जाएगी। कहते हैं आंकड़े
अलीगंज में पानी की जरूरत - 50 लाख लीटर
पानी की आपूर्ति- 36 लाख लीटर
प्रति व्यक्ति मिल रहा पानी- 72 लीटर
नलकूपों की संख्या- 5
चालू नलकूप- 3
ओवर हेड टैंक- 2
खराब पड़े ओवर हेड टैंक- 1
------------
जैथरा में खराब पड़ा नलकूप
जैथरा नगर पंचायत में कुल 12,012 परिवार हैं। जिनको प्रतिदिन 12 लाख लीटर पानी की जरूरत है, लेकिन पंचायत महज एक लाख लीटर पानी मुहैया करा पा रही है। पंचायत के दो नलकूपों में एक खराब पड़ा है। 50 हैंडपंपों में अधिकतर काम नहीं कर रहे। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी काशीनाथ पांडेय ने कहा जलापूर्ति के लिए नलकूप दुरुस्त कराने के लिए तैयारी चल रही है। गर्मियों आने तक पेयजल समस्या दूर कर दी जाएगी।
जैथरा में कुल पानी की जरूरत - 12लाख लीटर
पानी की आपूर्ति- एक लाख लीटर
प्रति व्यक्ति मिल रहा पानी- 8 लीटर
कुल नलकूप- 2
खराब पड़ा नलकूप- 1
-----------
राजा का रामपुर में लगती हैं कतारें
राजा का रामपुर क्षेत्र में 11652 परिवारों को महज दो लाख लीटर पानी मिल पा रहा है। यहां भी दो में से एक नलकूप खराब है। इससे लोगों को सुबह शाम पानी के लिए हैंडपंप पर कतारें लगानी पड़ती हैं।
राजा का रामपुर में पानी की आवश्यकता- 11 लाख लीटर
पानी की आपूर्ति- दो लाख लीटर
प्रति व्यक्ति मिल रहा पानी- 17 लीटर
कुल नलकूप- 2
खराब पड़ा नलकूप- 1