एटा। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित 70वें युवा खेलकूद दिवस समारोह का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज परसोंन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के कुल 450 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इनमें 300 बालक और 150 बालिकाएं शामिल रहीं। बालक वर्ग में जनता इंटर कॉलेज परसोंन विजेता रहा, जबकि बालिका वर्ग में गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज अलीगंज ने जीत हासिल की।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप में सब जूनियर बालिका वर्ग में जनता इंटर कॉलेज परसोंन की शिवानी ने पहला स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालिका वर्ग में कुंवर मनोहर सिंह इंटर कॉलेज आसपुर की रौनक, और सीनियर बालिका वर्ग में इसी विद्यालय की स्वार्थी ने व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल की। समापन समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने खेल नियमों का पालन करते हुए प्रेम, सौहार्द और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले प्रधानाचार्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, खेल प्रशिक्षकों और कर्मचारियों का आभार जताया। सह जिला विद्यालय निरीक्षक ने खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाली बालिकाओं की विशेष प्रशंसा की। इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, स्मृति चिह्न और मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता संयोजक एवं राजकीय हाईस्कूल कासौन के प्रधानाचार्य विशांत कुलश्रेष्ठ ने मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक, विशिष्ट अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक और राजकीय इंटर कॉलेज एटा के प्रधानाचार्य का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान 70वें युवा खेलकूद समारोह के सहसंयोजक पदम सिंह वर्मा, चंद्रजीत राव, अश्वनी यादव, मनोज कुमार तिवारी, सुभाष सिंह चाहर, नारायण सिंह, राजवीर सिंह, मोनिका रानी, पूनम मिश्रा, नेहा दुबे आदि लोग मौजूद रहे।