एएसपी ओपी सिंह के जाने के बाद टेंपो के चालान काटता ट्रैफिक सिपाही । संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। देवोत्थान एकादशी पर सहालग के चलते शहर का जीटी रोड सुबह से जाम रहा। सुबह नौ बजे तक बाजार पूरा नहीं खुल पाया पर जीटी रोड पर वाहन रेंगते नजर आए। स्थिति बेकाबू होने पर एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने स्वयं कमान संभाली तो अधीनस्थ भी चौकन्ने हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने ठंडी सड़क पर जाम लगा रहे ऑटो चालकों पर स्वयं गाड़ी से उतरकर डंडे बरसाए।
बुधवार की दोपहर एएसपी ओपी सिंह ठंडी सड़क तिराहा पर ही ऑटो और प्राइवेट वाहनों की लगी कतारों की वजह से जाम में फंस गए। यहां से किसी तरह निकल पाए तो काली मंदिर पर जाम में फंसे रहे। नन्नूमल चौराहा पर ऑटो काफी संख्या में होने के चलते काफी देर तक जाम में फंसा रहना पड़ा तो एएसपी का गुस्सा फूट पड़ा। खुद ही कार से उतरकर पीआरडी जवान का डंडा लिया और ऑटो चालकों को खदेड़ना शुरू कर दिया। एएसपी इसके बाद पटियाली गेट चौकी पहुंचे तो यहां भी ऐसी हालत मिली। इसके बाद यातायात व्यवस्था में लगे पीआरडी जवानों, होमगार्ड और पुलिस कर्मियों को हिदायत दी। संवाद