जलेसर। मौजूदा समय में प्रदेश में चल रही पुलिस भर्ती परीक्षा में धांधली एवं पक्षपात पूर्ण रवैये अपनाने के विरोध में शुक्रवार को अभ्यर्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। युवाओं ने आगरा-जलेसर मार्ग दो घंटे तक जाम किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर थाना पुलिस व पुलिस क्षेत्राधिकारी पहुंच गए और समझा बुझाकर जाम खुलवाया। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन में भर्ती प्रक्रिया को न बदला गया तो पुन: जाम लगाया जाएगा।
इस मौके पर अभ्यर्थी विक्रम सिंह, सतेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि मौजूदा समय में 54 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया प्रदेश में चल रही है। दो जनपदों मैनपुरी-इटावा मेें ही 34 हजार की भर्ती कर ली गई है। शेष जनपदों के लिए मात्र 20 हजार की जगह छोड़ी है। इस भर्ती मेें पूर्व में फिजीकल 60 नंबर का था, लेकिन अब 100 नंबर का करके इटावा, मैनपुरी के युवकों की भर्ती की गई है। एटा जनपद के युवाओं की अच्छी रैंक होने के बावजूद उन्हें तो बाहर कर दिया और कम रैंक वालों की भर्ती कर ली गई है। भर्ती घोटाले के विरोध में युवाओं का एक संगठन हाईकोर्ट में रिट दायर करने पहुंच गया है। जिस पर हाईकोर्ट ने सरकार से आठ दिन में जवाब मांगा है।
इधर, शुक्रवार की सुबह 10 बजे आक्रोशित अभ्यर्थियों ने मैन चौराहे पर जाम लगाकर जलेसर-आगरा मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया। युवा सड़क पर ही बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। जाम के चलते लोगों को खासी परेशानी हुई। जाम लगने की सूचना मिलने पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी पुलिस कल्यान सिंह ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इस मौके पर राहुल कुमार, अरूण कुमार, ललित कुमार, शशिकांत, सोनू, विक्रम सिंह, प्रशांत, मनीष, धर्मेंद्र, दीवान सिंह, नोशाद खां, रेनू, पूजा, आरती, नंदनी, सीमा, साधना, प्रीति, सुमन आदि सैकड़ों युवा मौजूद थे।