शहर में हाईवे-91 पर शुक्रवार को वाहनों की कतारें लगी रहीं। तीन से चार घंटे घंटे राहगीर और स्थानीय लोग जाम से जूझते रहे। वाहनों की भीड़ के कारण ट्रैफिक पुलिस जाम खुलवाने में फेल नजर आई।
यातायात माह में ट्रैफिक का दम निकल रहा है। पुलिस ट्रैफिक नियंत्रण छोड़ जागरूकता कार्यक्रमों में व्यस्त है। ऐसे में लोगों को जाम में फंसकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दीपोत्सव के बाद लोगों की वापसी का क्रम जारी है। इसके चलते रोडवेज बसों में यात्रियों भीड़ दिखाई दे रही है। वहीं हाईवे पर निजी और कामर्शियल वाहनों के कारण जाम के हालात बने हुए हैं। आलम यह है कि हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से सड़क पार करना दूभर हो रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत रोडवेज बस स्टेंड, घंटाघर, हाथीगेट, तहसील चौराहा, होटल माया पैलेस, क्वालिटी होटल, बाबूगंज, कचहरी तिराहा, अलीगंज चुंगी और गंजडुंडवारा मोड़ पर हुई। जहां यात्रियों की भीड़ और वाहनों के सैलाब के आगे ट्रैफिक व्यवस्था फेल होई। मशक्कत करने के बाद भी ट्रैफिक पुलिस खुलवाने में विफल रही। इसके चलते लोग लगातार चार घंटे तक जाम से जूझते रहे। शुक्रवार को आलम यह था कि शहर पार करने में लोगों को दो घंटे लग गए। जाम से बचने के लिए लोगों ने गांधी मार्केट समेत अन्य गलियों से निकलने की कोशिश की, लेकिन वहां भी जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस जागरूकता कार्यक्रम चलाने और चेकिंग अभियान में व्यस्त नजर आई।